मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
अपराध

दूसरे दिन मिला नगवा नाले में डूबे छात्र का शव

पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। बंथरा इलाके के खुर्रमपुर गाँव के पास नगवा नाले में रविवार को नहाने के दौरान डूबे हाईस्कूल के छात्र साहिल (18) का शव सोमवार को करीब 23 घण्टे बाद नाले से बरामद हो गया। उसकी तलाश में सोमवार…

साझा करें WhatsAppFacebookX
दूसरे दिन मिला नगवा नाले में डूबे छात्र का शव

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। बंथरा इलाके के खुर्रमपुर गाँव के पास नगवा नाले में रविवार को नहाने के दौरान डूबे हाईस्कूल के छात्र साहिल (18) का शव सोमवार को करीब 23 घण्टे बाद नाले से बरामद हो गया। उसकी तलाश में सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे एसडीआरएफ टीम ने दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोपहर 12:35 बजे उसका शव घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर ही मिल गया। बता दें कि कृष्णानगर के पंडितखेड़ा निवासी मजदूर जितेंद्र का बेटा साहिल कनौसी स्थित सर्वांगीण इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था।

रविवार दोपहर वह घर से स्विमिंग पूल में नहाने की बात कहकर निकला था। बाद में वह सरोजनीनगर के अमौसी निवासी अपने दोस्त कृष्णा सिंह, आशु रावत व दो अन्य साथियों के साथ आशु रावत की रिश्तेदारी में बंथरा के भदोई गांव पहुंचा। वहां से सभी खुर्रमपुर के पास नारायणपुर-फतेहगंज रोड स्थित नगवा नाले पर पहुंचे। जहां दोपहर करीब दो बजे नहाने के लिए तीनों ने पुलिया से बारी-बारी छलांग लगा दी। लेकिन साहिल को तैरना नहीं आता था, जिससे वह गहरे पानी में डूबने लगा।

उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह पानी में बह गया। तब दोस्तों ने मदद के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर राहगीर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में बंथरा पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर उनकी मदद ली, मगर साहिल का पता नहीं चल सका। उधर लंबा समय बीतने के बाद भी एसडीआरएफ टीम मौके पर नहीं पहुंची। जिससे नाराज साहिल के परिजनों ने नाले के पास ही नारायणपुर-फतेहगंज रोड पर बैठकर सड़क जाम कर दी।

हालाकि पुलिस ने किसी तरह समझा कर उन्हें सड़क के किनारे किया। इस दौरान शाम करीब 5:45 बजे पहुंची एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू शुरू किया और रात 9:30 बजे तक तलाश जारी रखी। बाद में रात और अधिक अंधेरा हो जाने के कारण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया। वहीं सोमवार सुबह 9:45 बजे एसडीआरएफ टीम ने फिर घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तब काफी देर तक चले सर्च अभियान के दौरान दोपहर करीब 12:35 बजे साहिल का शव एसडीआरएफ टीम को घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर नाले में बबूल की झाड़ी से फंसा मिला।

इसके बाद शव को बाहर निकाल कर पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक साहिल के परिवार में उसके पिता जितेंद्र और मां शशि के अलावा बड़ा भाई समीर व छोटी बहन बिट्टो है।