नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘दिल्ली मास्टर प्लान 2047’ को
‘विकसित दिल्ली’ का रोडमैप बताया है। उन्होंने मास्टर प्लान 2047 के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र
मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का दिल्ली की जनता की ओर
से हृदय से आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को यहां नेशनल मीडिया सेंटर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को
संबोधित कहा कि यह मास्टर प्लान विकसित दिल्ली का पूरा रोडमैप है और हमारी भावी
पीढ़ियों के लिए एक व्यवस्थित, सुविधाजनक और बेहतर दिल्ली का भरोसा है। उन्होंने कहा कि
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के समन्वय में दिल्ली सरकार इस विजन को धरातल पर
उतारते हुए विकसित दिल्ली के संकल्प को निर्णायक रूप से आगे बढ़ाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव से लेकर अनधिकृत कॉलोनियों तक, पुरानी आवासीय कॉलोनियों से
लेकर बाजार क्षेत्रों तक, यह मास्टर प्लान हर दिल्लीवासी की जरूरत और भविष्य की चिंता को
अपने भीतर समेटता है। बढ़ती आबादी, परिवहन और प्रदूषण की चुनौतियों के बीच यह दिल्ली
को सुव्यवस्थित, सुविधाजनक और भविष्य के लिए तैयार करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि
अधिक एफएआर से पुनर्विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके सरल प्रावधानों से सुविधाओं का विस्तार आसान होगा और ‘जहां
झुग्गी, वहां मकान’ के संकल्प से गरीब परिवारों के अपने पक्के घर के सपने को नई ताकत
मिलेगी। इन घरों को पीपी मॉडल से बनाया जाएगा।