पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर नैनीताल जिले में प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में तहसील हल्द्वानी स्थित एनआईसी कक्ष में साप्ताहिक बैठक हुई। इसमें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूचियों में चिन्हित डुप्लीकेट प्रविष्टियों (DSE/PSE), नोटिस प्रक्रिया और दावे-आपत्तियों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समान फोटो (PSE) अथवा समान जनसांख्यिकीय विवरण (DSE) मिलने पर किसी मतदाता का नाम सीधे नहीं काटा जाएगा। पहले संबंधित प्रविष्टि का सत्यापन होगा। नाम, रिश्तेदार का नाम, संबंध, उम्र, लिंग और पता समेत पांच प्रमुख मानकों के आधार पर प्रविष्टियों की जांच की जाएगी।
चिन्हित मतदाता को फॉर्मेट-ई में पंजीकृत या स्पीड पोस्ट से नोटिस भेजा जाएगा और नोटिस जारी होने के 15 दिन के भीतर अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। प्रशासन ने साफ किया कि DSE/PSE प्रक्रिया का उद्देश्य किसी वास्तविक मतदाता का नाम हटाना नहीं, बल्कि एक से अधिक प्रविष्टियों को चिन्हित कर मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है। दावे-आपत्तियां 14 से 28 सितंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी। नोटिस चरण की अंतिम तिथि 28 सितंबर और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन तीन अक्टूबर को प्रस्तावित है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने राजनीतिक दलों से मतदाताओं को सही और तथ्यात्मक जानकारी देकर जागरूक करने की अपील की।