चार मौतों के बाद बेहटा में पुलिस का बारूद पर शिकंजा

- दो घंटे चला सर्च ऑपरेशन संदिग्ध मकानों की तलाशी, बम निरोधक दस्ते के साथ पहुंची पुलिस टीम
- अवैध पटाखा निर्माण और बारूद के भंडारण पर दी सख्त चेतावनी
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। गुडम्बा थाना क्षेत्र के बेहटा में पिछले वर्ष अवैध पटाखा निर्माण के दौरान हुए भीषण विस्फोट में चार लोगों की मौत के बाद पुलिस ने एक बार फिर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। त्योहारों के मद्देनजर बृहस्पतिवार को एसीपी गाजीपुर अतुल पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने बेहटा में करीब दो घंटे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा रहा। टीम ने कई संदिग्ध मकानों की तलाशी लेकर अवैध पटाखा निर्माण और बारूद के भंडारण की पड़ताल की। अभियान में इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा, बेहटा चौकी प्रभारी शांतनु बालियान,उनि अजय उपाध्याय और बम निरोधक दस्ते की टीम शामिल रही।
पुलिस ने संदिग्ध मकानों को चिह्नित कर उनकी गहन जांच की। साथ ही स्थानीय लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि चोरी-छिपे पटाखे बनाने या विस्फोटक सामग्री जमा करने की कोशिश न करें। ऐसा करते पकड़े जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष बेहटा में एक मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ था। हादसा इतना भीषण था कि इसकी चपेट में आकर चार लोगों की जान चली गई थी। मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद अवैध पटाखा निर्माण में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके लाइसेंस भी निरस्त किए गए थे। पुराने हादसे से सबक लेते हुए पुलिस इस बार त्योहारों से पहले ही सक्रिय हो गई है। अवैध पटाखा निर्माण और विस्फोटक सामग्री के भंडारण पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में निगरानी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।



