पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। एएनटीएफ यूनिट वाराणसी ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है। जहां पुलिस ने उसके कब्जे से 375 ग्राम अवैध हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपए बताई गई है, बरामद की है। एएनटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशू गौतम पुत्र रामफल गौतम, निवासी इमलियापुर फुलवारी, पोस्ट मुकरसिम, थाना करमा, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। आरोपी को दो सितंबर 2026 को सेमरी तिराहा, थाना करमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध हेरोइन के अलावा एक मोबाइल, एक बाइक और नगदी भी बरामद किया। वहीं पूछताछ में आरोपी हिमांशू ने बताया कि वह अपने एक पार्टनर के साथ मिलकर अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करता था। साथ ही पार्टनर बाहर से हेरोइन लाकर देता था, जिसके बाद वह अपने सहयोगी के साथ मिलकर उसे छोटे-छोटे पैकेटों में तैयार कर आसपास के गांवों में ग्राहकों को महंगे दामों पर बेचता था। वहीं बिक्री से होने वाले मुनाफे को दोनों आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन भी आरोपी अपने सहयोगी से हेरोइन लेकर उसे बेचने के लिए सेमरी गांव से शाहगंज की ओर जा रहा था, तभी पुलिस टीम ने घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा मामले में थाना करमा, जनपद सोनभद्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।