अंकिता को न्याय मिलने तक जारी रहेगा कांग्रेस का आंदोलन: शैलजा

- 23 से 25 अक्टूबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा
- 27 को गैरसैंण में विधानसभा घेराव और 1 नवंबर को दिल्ली में प्रदर्शन
देहरादून। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उत्तराखंड में महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, पलायन और भू-माफिया जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी। पत्रकार वार्ता में शैलजा ने चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग में फैसले सर्वसम्मति से नहीं हो रहे हैं और इंडिया गठबंधन को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए सरकार के रवैये को तानाशाहीपूर्ण बताया।
अंकिता मामले में न्याय की मांग
अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए शैलजा ने कहा कि मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सीबीआई जांच के नाम पर मामले की लीपापोती की जा रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता को न्याय की मांग के लिए इंडिया गेट पर धरना देना पड़ा, जो उत्तराखंड के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में प्रदेश की भावनाओं और सम्मान की अनदेखी की जा रही है। शैलजा ने बताया कि कांग्रेस देहरादून में राजभवन कूच, बाइक रैली और कैंडल मार्च सहित कई विरोध प्रदर्शन कर चुकी है। पार्टी ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर भी इस मामले को उठाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। शैलजा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और भू-माफिया तथा खनन माफिया हावी हैं। बेरोजगारी और पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जबकि पलायन की समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है। उन्होंने धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे की चोरी की घटनाओं को श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं से खिलवाड़ बताया। रेखा आर्या से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए। शैलजा ने कहा कि विभिन्न मामलों में करोड़ों रुपये के घोटालों के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनने पर इन मामलों की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शैलजा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक आंदोलन करेगी।
इसके तहत पार्टी ने निम्न कार्यक्रम घोषित किए हैं—
23 से 25 अक्टूबर: प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकालकर अंकिता भंडारी प्रकरण, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा सहित अन्य मुद्दों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
27 अक्टूबर: गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
1 नवंबर: वोट चोरी के मुद्दे पर देशव्यापी अभियान के तहत दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन किया जाएगा।
4 नवंबर: धामी सरकार के कार्यकाल में जमीनों की नीलामी, धांधली और भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए जाएंगे।
शैलजा ने कहा कि कांग्रेस न्याय यात्रा के माध्यम से प्रदेश के लोगों को उनके अधिकारों और जनहित के मुद्दों के प्रति जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के अधिकारों, सम्मान और न्याय की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी।



