एएनटीएफ ने चार मोबाइल और नकदी किया बरामद
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। एएनटीएफ थाना बाराबंकी की टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले चार सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जहां पुलिस ने कब्जे से 442 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए (गांजा) बरामद किया है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है। साथ ही चार मोबाइल और 2,010 रुपए नकद भी बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल यादव, सोनू यादव, सौरभ यादव और गौरव पटेल, सभी जनपद हरदोई के निवासी के रूप में हुई है।
जहां पुलिस ने 14 सितंबर 2026 को आशा होटल के सामने, पुरानी जीटी रोड, थाना कोतवाली कन्नौज से चारों को गिरफ्तार किया। जहां कब्जे से 442 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए (गांजा), चार मोबाइल और 2,010 रुपए नकद भी बरामद किया गया। वहीं पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे साझेदारी में मादक पदार्थों की तस्करी करते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी गौरव पटेल कन्नौज निवासी एक व्यक्ति से सस्ते दामों पर एमडीएमए खरीदकर लाया था। इसके बाद वह अपने अन्य साथियों के साथ कन्नौज में आशा होटल के सामने पुरानी जीटी रोड पर इसकी खरीद-फरोख्त कर रहा था।
इसी दौरान एएनटीएफ टीम ने चारों को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। अब पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई में जुटी है। इसके अलावा कोतवाली कन्नौज में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।