मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
अपराध

आरओ/एआरओ पेपर लीक मामले में वांछित पुष्कर गिरफ्तार

नन्दू गैंग से जुड़े अनुराग मिश्रा को भी एसटीएफ  ने दबोचा एसटीएफ ने लखनऊ से दोनो को दबोचा पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरओ,एआरओ परीक्षा पेपर लीक मामले में दो साल से अधिक समय से फरार चल…

साझा करें WhatsAppFacebookX
आरओ/एआरओ पेपर लीक मामले में वांछित पुष्कर गिरफ्तार
  • नन्दू गैंग से जुड़े अनुराग मिश्रा को भी एसटीएफ  ने दबोचा

  • एसटीएफ ने लखनऊ से दोनो को दबोचा

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरओ,एआरओ परीक्षा पेपर लीक मामले में दो साल से अधिक समय से फरार चल रहा वांछित अभियुक्त पुष्कर पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। उसके साथ कपिल सांगवान उर्फ नन्दू गैंग से कथित रूप से जुड़े और दिल्ली के पश्चिम विहार क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार दलाल हत्याकांड में वांछित अनुराग मिश्रा को भी गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह ने बताया कि अभियुक्तो की गिरफ्तारी के दौरान कब्जे से एक फॉर्च्यूनर कार (यूपी 70 एचजे  9672), 2,500 रुपए नकद, तीन मोबाइल और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है।

जंहा एसटीएफ ने मंगलवार को विभूतिखंड थाना क्षेत्र में आरटीआई भवन के पास घेराबंदी कर दोनो अभियुक्तो कि गिरफ्तार किया।  उन्होंने बताया कि पुष्कर पाण्डेय प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में वांछित था। उस पर धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और साक्ष्य मिटाने सहित आईपीसी की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं पूछताछ में पुष्कर ने कथित तौर पर आरओ/एआरओ भर्ती परीक्षा-2023 के पेपर लीक में अपनी भूमिका के बारे में जानकारी दी।

एसटीएफ के मुताबिक उसने बताया कि भोपाल की प्रिंटिंग प्रेस से पेपर आउट होने के बाद प्रयागराज के नैनी स्थित एक अस्पताल में अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। वहां करीब 30 से 40 अभ्यर्थियों को कथित तौर पर आउट पेपर के उत्तर पढ़ाए गए। इसके अलावा पुष्कर ने यह भी बताया कि इस काम के बदले उसे पांच लाख रुपए देने का वादा किया गया था। जिसमें से तीन लाख रुपए नकद दिए गए। पूछताछ में उसने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपर लीक से जुड़े एक अन्य मामले में भी अपनी भूमिका होने की बात बताई और करीब 500-600 अभ्यर्थियों को कथित रूप से आउट पेपर पढ़ाए जाने की जानकारी दी।

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार अनुराग मिश्रा दिल्ली के पश्चिम विहार थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 अप्रैल में हुए प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार दलाल हत्याकांड में वांछित था। पुलिस के मुताबिक इस मामले में लंदन में फरार गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नन्दू पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पूछताछ में अनुराग ने कथित तौर पर बताया कि उसका भाई आकाश मिश्रा भी इस हत्याकांड के मामले में जेल में बंद है। एसटीएफ का दावा है कि आकाश और अनुराग ने शूटरों को ठहराने, हथियार और धन उपलब्ध कराने तथा उन्हें विदेश भेजने की कोशिश में भूमिका निभाई थी। गिरफ्तारी के बाद पुष्कर पाण्डेय को प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में दर्ज मुकदमे में नियमानुसार दाखिल कर आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। जबकि अनुराग मिश्रा को दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

आरओ/एआरओ पेपर लीक केस में अब तक 32 गिरफ्तार

एसटीएफ ने बताया कि आरओ/एआरओ परीक्षा पेपर लीक मामले की विवेचना निरीक्षक अंजनी कुमार पाण्डेय, एसटीएफ लखनऊ द्वारा की जा रही है। इस मामले में अब तक कुल 32 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।