मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तर प्रदेश

नेपाल में फ्लैश फ्लड से तबाही, 24 लोगों की मौत, 105 भारतीय लापता, महाराजगंज में अलर्ट, हेल्पलाइन नंबर जारी

पायनियर संवाददाता इंडो-नेपाल बॉर्डर/गोरखपुर/महाराजगंज। नेपाल के तिब्बत-सीमावर्ती हिमालयी जिलों में अचानक आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल सरकार ने अब तक 24 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि सैकड़ों लोग लापता बताए जा रहे हैं। इनमें…

साझा करें WhatsAppFacebookX
नेपाल में फ्लैश फ्लड से तबाही, 24 लोगों की मौत, 105 भारतीय लापता, महाराजगंज में अलर्ट, हेल्पलाइन नंबर जारी
नेपाल में फ्लैश फ्लड से तबाही, 24 लोगों की मौत, 105 भारतीय लापता, महाराजगंज में अलर्ट, हेल्पलाइन नंबर जारी

पायनियर संवाददाता

इंडो-नेपाल बॉर्डर/गोरखपुर/महाराजगंज। नेपाल के तिब्बत-सीमावर्ती हिमालयी जिलों में अचानक आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल सरकार ने अब तक 24 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि सैकड़ों लोग लापता बताए जा रहे हैं। इनमें 105 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। बाढ़ से पहाड़ी क्षेत्रों में बस्तियों, सड़कों और प्रमुख हाइड्रोपावर परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है।

प्रभावित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। नेपाल सेना के हेलीकॉप्टर और आपदा प्रतिक्रिया दल प्रभावित इलाकों में भेजे गए हैं। टीमें नुकसान का आकलन करने के साथ ही नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटी हैं। तेज बहाव के साथ नदी में कीचड़ और मलबा आने से कई स्थानों पर सड़क और अन्य आधारभूत संरचनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के इस स्क्रीनग्रैब में, नेपाल के पहाड़ी इलाके में बाढ़ का पानी बहता हुआ दिख रहा है।

मौसम की खराब स्थिति और दुर्गम पहाड़ी भूभाग के कारण राहत-बचाव कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं। स्थानीय प्रशासन लापता लोगों की सूची तैयार करने और नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटा है। भारतीय अधिकारी भी प्रभावित भारतीय नागरिकों की तलाश और सहायता के लिए नेपाली प्रशासन के साथ समन्वय कर रहे हैं।

महाराजगंज में बढ़ाई गई सतर्कता

नेपाल के रसुवा जिले के सीमावर्ती टिमुरे क्षेत्र में अचानक अत्यधिक जलप्रवाह आने से भोटेकोशी नदी में आकस्मिक बाढ़ की स्थिति को देखते हुए महाराजगंज में प्रशासन ने विशेष सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संबंधित अधिकारियों को नदी तटीय और निचले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन के अनुसार बुधवार सुबह करीब नौ बजे नेपाल के टिमुरे क्षेत्र में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ा। इसका प्रभाव भोटेकोशी-त्रिशूली नदी तंत्र के जरिए निचले क्षेत्रों में पड़ने की आशंका को देखते हुए महाराजगंज में गंडक नदी के जलस्तर की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के इस स्क्रीनग्रैब में, नेपाल के पहाड़ी इलाके में बाढ़ का पानी बहता हुआ दिख रहा है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित तहसीलों, राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य विभागों को अलर्ट किया गया है। जरूरत पड़ने पर नदी तटीय एवं निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तत्काल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को भी ऐसे स्थानों से दूर रखने को कहा गया है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

 हेल्पलाइन नंबर जारी

जिला प्रशासन के अनुसार स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आपात स्थिति में नागरिक जिला आपातकालीन संचालन केंद्र , महाराजगंज से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 05523-222162, 1077 (आपदा हेल्पलाइन), 9628819145 और 9621333537 नंबर जारी किए गए हैं।