काशी रुद्रास ने गोरखपुर लायंस को दिया 195 रन का लक्ष्य
लखनऊ। कप्तान करण शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर काशी रुद्रास ने मंगलवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे यूपी टी20 लीग सीजन-4 के सातवें मैच में गोरखपुर लायंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 194 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास को सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी और साहब युवराज सिंह ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। अभिषेक गोस्वामी ने 16 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 26 रन बनाए, जबकि साहब युवराज सिंह ने 25 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 41 रन की पारी खेली।तीसरे नंबर पर उतरे कप्तान करण शर्मा ने इसके बाद पारी को संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहे। करण ने 48 गेंदों की अपनी शानदार पारी में चार चौके और नौ छक्के जड़ते हुए नाबाद 92 रन बनाए।
मध्यक्रम में सक्शम राय खाता नहीं खोल सके, जबकि उपेंद्र यादव ने आठ रन का योगदान दिया। शुभम चौबे ने 11 गेंदों पर नौ रन बनाए। इसके बाद अर्णव बालियान ने 17 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से 24 रन की उपयोगी पारी खेली। विजय यादव ने दो रन बनाए। अतिरिक्त के पांच रन के साथ काशी रुद्रास का स्कोर 20 ओवर में छह विकेट पर 194 रन पहुंचा। गोरखपुर लायंस की ओर से निशांत ठाकुर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट चटकाए। तीरथ सिंह ने चार ओवर में 60 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि शिवम शर्मा ने चार ओवर में 22 रन देकर एक विकेट लिया। प्रिंस यादव ने तीन ओवर में 31 रन और राहुल शर्मा ने चार ओवर में 30 रन दिए, जबकि वासु वात्स ने एक ओवर में 17 रन खर्च किए।
योगेंद्र उपाध्याय ने घंटा बजाकर किया मैच का शुभारंभ
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हुए मैच की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाकर की। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, आयोजन समिति के सदस्य अजीज अहमद खान, मोहनलाल अग्रवाल, फैसल शेरवानी, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को लेकर जिस तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है, वह प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग जैसे मंच युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने और आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं।यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को लगातार उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को अनुभवी और स्थापित खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव मिलना उनके विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
संक्षिप्त स्कोर:
काशी रुद्रास: 20 ओवर में 194/6 (करन शर्मा 92*, साहब युवराज सिंह 41, अभिषेक गोस्वामी 26, अर्णव बालियान 24, शुभम चौबे 9, उपेंद्र यादव 8; निशांत ठाकुर 3/34, तीरथ सिंह 2/60, शिवम शर्मा 1/22)।