मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तर प्रदेश

पैडलेगंज में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर चेन स्नैचर गिरफ्तार

गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र में महिलाओं से चेन छिनैती की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती बने दो शातिर बदमाशों को सोमवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पैडलेगंज के आसपास हुई मुठभेड़ में दोनों अभियुक्तों…

साझा करें WhatsAppFacebookX
पैडलेगंज में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर चेन स्नैचर गिरफ्तार

गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र में महिलाओं से चेन छिनैती की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती बने दो शातिर बदमाशों को सोमवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पैडलेगंज के आसपास हुई मुठभेड़ में दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस टीम का एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।

पुलिस के अनुसार, कैंट क्षेत्र में लगातार हो रही चेन छिनैती की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिटी निमिष पाटील के निर्देशन में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिली कि पूर्व में चेन स्नैचिंग की घटनाओं में सक्रिय रहे बदमाश क्षेत्र में दोबारा वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना को संज्ञान में लेकर कैंट पुलिस, एंटीथेफ्ट सेल और सर्विलांस टीम ने पैडलेगंज के आसपास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान पुलिस टीम ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, बदमाश रुकने के बजाय तेजी से आगे बढ़ने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके से दबोच लिया गया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल भूपेन्द्र कुमार यादव भी घायल हुए। दोनों अभियुक्तों और घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अजय उर्फ मंगरु पुत्र मंदानी निवासी देउरवीर थाना गगहा और संजय पुत्र मोहन निवासी कसिहार थाना बेलीपार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से छिनैती की दो चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो देशी तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) भान्या संहिता की बढ़ोतरी की गई है तथा शस्त्र बरामदगी के संबंध में अलग अभियोग दर्ज किया गया है।

दो घटनाओं से जुड़ा है पुलिस का शिकंजा
जांच में सामने आया कि दोनों अभियुक्त कैंट थाना क्षेत्र में दर्ज दो चेन छिनैती की घटनाओं में वांछित थे। 20 जुलाई 2026 को एक महिला अपने पति के साथ सब्जी लेने जा रही थी, तभी बदमाश उसके गले से चेन छीनकर फरार हो गए थे। इस संबंध में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।इसके बाद 29 जुलाई 2026 की सुबह टहलने निकली महिला को भी बदमाशों ने निशाना बनाया और उसके गले से चेन छीनकर फरार हो गए थे। दोनों घटनाओं के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अजय उर्फ मंगरु के खिलाफ गोरखपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं संजय के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और अन्य गंभीर मामलों में कई अभियोग दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ कैंट थाने में दर्ज चेन छिनैती के दोनों मुकदमों में भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर कानून के शिकंजे से बचने नहीं दिया जाएगा। चेन स्नैचिंग, लूट और अन्य संगठित अपराधों में सक्रिय बदमाशों की निगरानी तेज कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों में हड़कंप मचा है और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कैंट जितेन्द्र कुमार, एंटीथेफ्ट सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील राय, उपनिरीक्षक अवनीश पाण्डेय, रवि प्रकाश कुंवर, नवीन कुमार राय समेत कैंट थाना, एंटीथेफ्ट सेल और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

लेखक

Rashmi Singh

रश्मि सिंह मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर हैं और मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्राउंड रिपोर्टिंग और कंटेंट लेखन से की तथा समय के साथ देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार चैनलों में कार्य किया। राजनीति, समसामयिक घटनाक्रम, उत्तर प्रदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन जगत की रिपोर्टिंग एवं विश्लेषण में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों क्षेत्रों में काम करते हुए उन्होंने तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को अपनी पहचान बनाया है।

लेखक की सभी खबरें →