मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तर प्रदेश

शिक्षकों की कमी को लेकर सड़क पर उतरीं 250 छात्राएं

हाईवे पर लगा भीषण जाम पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। सर्वोदय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। 14 अगस्त को छात्रों ने एक्सप्रेसवे जाम करने और राज्यमंत्री असीम अरुण को रास्ते…

साझा करें WhatsAppFacebookX
शिक्षकों की कमी को लेकर सड़क पर उतरीं 250 छात्राएं

हाईवे पर लगा भीषण जाम

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। सर्वोदय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। 14 अगस्त को छात्रों ने एक्सप्रेसवे जाम करने और राज्यमंत्री असीम अरुण को रास्ते में रोकने के बाद सोमवार को जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय की करीब 250 छात्राएं भी सड़क पर उतर आईं। तेज बारिश के बीच छात्राओं ने मोहन रोड से दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे तक मार्च कर चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह करीब सात बजे शुरू हुए प्रदर्शन में छात्राएं डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं।

काफी देर तक अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर छात्राएं डीएम आवास की ओर पैदल ही निकल पड़ीं। करीब आठ किलोमीटर दूर बालागंज चौराहे पर एडीसीपी धनंजय कुशवाहा और एसीपी काकोरी शकील अहमद के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। अधिकारियों ने समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर छात्राओं की बातचीत कराई और समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया। इसके बाद छात्राएं वापस विद्यालय लौट गईं। प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

छात्रा ने दावा किया कि प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे उसके भाई पुरुषोत्तम, रोहित और अन्य लोगों को पुलिस जबरन अपने साथ ले गई। छात्रा ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से उन्हें धमकी दी गई। आक्रोश में छात्रा ने पुलिस को चेतावनी भी दी, हालांकि उसके साथी छात्राओं ने उसे बीच में ही रोक दिया। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। छात्राओं का कहना है कि विद्यालय में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं हैं, जिससे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित हो रही है।

विरोध के बीच समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग यादव और निदेशक संजीव सिंह विद्यालय पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने छात्राओं से करीब ढाई घंटे तक बंद कमरे में बातचीत की। प्रमुख सचिव ने बताया कि फिजिक्स और मैथ्स की शिक्षिकाएं मातृत्व अवकाश समेत अन्य अवकाश पर हैं। जल्द ही शिक्षकों की स्थायी व्यवस्था किए जाने का आश्वासन दिया गया है। छात्राओं ने पढ़ाई के साथ संवाद की कमी, स्कूल टाइमिंग, वार्डन और स्पोर्ट्स टीचर से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने इन समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।