जिला फुटबॉल लीग: आरए ब्वॉयज ने इलाइट क्लब को 4-0 से रौंदा, एलडीए (बी) की भी आसान जीत

लखनऊ, पायनियर समाचार सेवा । एलडीए (बी) और आरए ब्वॉयज क्लब ने जिला फुटबॉल लीग में अपने-अपने मुकाबले जीतकर पूरे अंक हासिल किए। चौक स्टेडियम में खेली जा रही लीग में आरए ब्वॉयज ने एकतरफा खेल दिखाते हुए इलाइट क्लब को 4-0 से धूल चटाई, वहीं एलडीए (बी) ने सिटी क्लब को 2-0 से शिकस्त दी।

मंगलवार को चौक स्टेडियम में पहला मुकाबला एलडीए (बी) और सिटी क्लब के बीच खेला गया। मैच की शुरुआत से ही एलडीए के खिलाड़ियों ने सिटी क्लब की रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा। खेल के 24वें मिनट में देवेश ने शानदार मैदानी गोल दागकर अपनी टीम का खाता खोला। एक गोल से पिछड़ने के बाद सिटी क्लब ने बराबरी के प्रयास किए, लेकिन मध्यांतर के ठीक पहले 40वें मिनट में नितिन ने एलडीए (बी) के लिए दूसरा गोल कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया, जो अंत में निर्णायक स्कोर साबित हुआ।

दिन के दूसरे मुकाबले में आरए ब्वॉयज क्लब के खिलाड़ियों ने इलाइट क्लब को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। खेल के 24वें मिनट में शोम ने शानदार गोल कर आरए ब्वॉयज को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद राम ने मैच पर पूरी तरह कब्जा जमाते हुए 36वें और फिर 48वें मिनट में दो बेहतरीन गोल दागे। इस बीच 42वें मिनट में कृष्णा ने भी प्रतिद्वंद्वी गोलकीपर को छकाते हुए गेंद को जाल में उलझा दिया। इस तरह आरए ब्वॉयज ने यह मुकाबला 4-0 से अपने नाम किया।

आज के मुकाबले  

  • एलडीए (बी) बनाम बिग ब्लू क्लब (शाम 3:00 बजे से)

  • यूपी पुलिस क्लब बनाम टेक्ट्रो रिज़र्व (शाम 4:30 बजे से)

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *