शुक्रवार को जनपद कानपुर देहात में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती प्रतिभा शुक्ला द्वारा वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया गया। बैठक के दौरान विद्यालय वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित मानकों का अनुपालन, वाहन चालकों एवं परिचालकों का सत्यापन, वाहनों की फिटनेस, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, जीपीएस, सीसीटीवी, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन निकास सहित विद्यालय परिवहन व्यवस्था के विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में निर्देशित किया गया कि जनपद के समस्त विद्यालयों द्वारा संचालित वाहनों का निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित किया जाए। मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों को समय-समय पर संयुक्त रूप से अभियान चलाकर विद्यालय वाहनों का निरीक्षण एवं चेकिंग करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय प्रबंधन, परिवहन विभाग एवं पुलिस के समन्वित प्रयासों से सुरक्षित एवं व्यवस्थित विद्यालय परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रविकांत दुबे,कानपुर देहात










