परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर घंटों चला प्रदर्शन
सड़क हादसे में युवक की हुई मौत, जांच के लिए लगाई गई पांच टीमें
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। आलमबाग इलाके के जेल रोड पर मंगलवार सुबह सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो जाने पर बुधवार दोपहर मृतक के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने कृष्णा नगर के स्नेह नगर में मृतक का शव रख प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। शव रख प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पुलिस बल एवं पीएसी बल संग पहुंचे कृष्णा नगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने मृतक के परिजनों को प्रदर्शन से रोकने का प्रयास किया। जिससे माहौल और तनावग्रस्त हो गया और प्रदर्शनकारी बारिश के बीच में भी मौके पर जिलाधिकारी को बुलाने और मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर अड़े रहे और पुलिस से धक्का मुक्की भी हुआ।

मृतक अरुण कुमार सोनकर (36) की पत्नी सरिता देवी का आरोप रहा कि उनके पति ऑटो चालक थे किस्त पर गाड़ी फाइनेंस कराए थे पति के ऑटो को सरकारी गाड़ी सवार ने टक्कर मारा है जिससे उनके पति की मौत हो गई है घटना स्थल का सीसी कैमरा भी खराब है लेकिन आलमबाग पुलिस ने गुमराह करते हुए गलत जानकारी दी है। उनके परिवार का कमाई का श्रोत बंद हो गया ऐसे में वह अपने तीन बच्चों करुणा (12), आरोही (11) और तरुण (07) का जीवनयापन कैसे करेगी।
प्रदर्शनकारियों का यह प्रदर्शन करीब तीन घंटा चला मौके पर पहुंचे आलमबाग इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने दर्ज मुकदमे में कार्यवाही को तेज करने और अपने ऊंच अधिकारियों से वार्ता कर मुआवजा दिलाने का प्रयास कराने का आश्वासन दे प्रदर्शन कर रहे परिवार को शांत कराया जिसके पश्चात परिजनों ने मृतक का अंतिम क्रिया सम्पन्न किया गया।










