राप्ती नदी में डूबी दो वर्षीय बालिका का शव बरामद, परिजनों में मचा कोहराम

बीपी त्रिपाठी। उतरौला (बलरामपुर)

राप्ती नदी में डूबकर लापता हुई दो वर्षीय बालिका का शव बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस के अनुसार हरीम पुत्री आरिफ खान, निवासी ग्राम मलगहिया, थाना ढेबरुआ, जनपद सिद्धार्थनगर अपने ननिहाल ग्राम तय्यबपुर परसौना आई हुई थी। बालिका 14 जून की शाम लगभग 5 बजे ग्राम पूरे पाड़ेजोत के पास राप्ती नदी में डूब गई थी। घटना के बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी। लगातार चलाए गए खोज अभियान के दौरान बालिका का शव जिगना घाट साइफन के पास बरामद हुआ।

शव मिलने की सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस मौके पर थानाध्यक्ष राना प्रताप सिंह ने बताया कि बालिका के नदी में डूबने की सूचना मिलने पर तत्काल खोज अभियान शुरू कराया गया था। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस टीम के प्रयास से शव बरामद कर लिया गया। शव का पंचनामा भरकर परिवारजन को सौंप दिया गया है। तलाश अभियान में बांक चौकी प्रभारी किसलय मिश्र, हेड कांस्टेबल विनय मौर्य सहित पुलिसकर्मी और स्थानीय गोताखोर जुटे रहे।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *