बीकेटी में पांच लाख की लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। बीकेटी क्षेत्र में बीते दिनों हुए दिनदहाड़े पांच लाख रुपए की लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार,तीन मोबाइल फोन और एक पर्स बरामद किया गया है। जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक, गत 11 जून को बीकेटी क्षेत्र में बीकेटी बाजार के आगे किसान पथ के पास बदमाशों ने एक वाहन को ओवरटेक कर चालक को रोक लिया और असलहे के बल पर बैग में रखे पांच लाख रुपए लूटकर फरार हो गए थे।

घटना के बाद पीड़ित राकेश कुमार अग्रवाल की तहरीर पर थाना बीकेटी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान 15 जून को संसारपुर अंडरपास के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रयागराज निवासी सतवंत सिंह पटेल (38),विनय कुमार (30) और प्रतापगढ़ निवासी रोहित कुमार यादव (45) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि तीनों प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (UP70HQ7112),तीन मोबाइल फोन और एक पर्स,जिसमें नकदी,आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज मौजूद थे,बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर फरार साथियों की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही लूटी गई पूरी धनराशि की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक सरफराज खान,राम प्रभाव सिंह,बृजेंद्र कुमार,कांस्टेबल जावेद इस्लाम, सुरजीत सिंह थाना बीकेटी शामिल रहे|

 

 

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *