एमडी हॉस्पिटल में सातवें बड़े मंगल पर भंडारा आयोजित
श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया, भक्तिमय माहौल रहा
पायनियर संवाददाता। लखीमपुर-खीरी
रमियाबेहड के एमडी हॉस्पिटल में ज्येष्ठ माह के मंगलवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह आयोजन हॉस्पिटल के डा सुमेर श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह विधि-विधान से भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बजरंगबली को सिंदूर, चोला, लड्डू और तुलसी अर्पित कर सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद विशाल भंडारे का प्रसाद वितरण शुरू हुआ। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं, मरीजों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आयोजन स्थल पर भारी भीड़ देखी गई और व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही।
इस अवसर पर डॉ सुमेर श्रीवास्तव ने बताया कि ज्येष्ठ माह के मंगलवार का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम हर वर्ष आयोजित किए जाते हैं। इस आयोजन में डॉ. सुमेर श्रीवास्तव, मैनेजर दीपक श्रीवास्तव, अरविंद अवस्थी, पत्रकार शंकर, दुर्गेश श्रीवास्तव, विमल कुमार, शिवम, बबलू श्रीवास्तव, राजू मिश्रा, धीरज वर्मा, जाहिद, कपिल,राहुल राज और राजित सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि भंडारे का उद्देश्य लोगों की सेवा और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था में जुटे लोगों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। उपस्थित लोगों ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों का आभार जताया।










