पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के देवती गांव के बाहर पक्के मकान में संचालित लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में सोमवार की सुबह अचानक से भीषण विस्फोट हो गया। जिसके बाद पूरा मकान मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। सूचना पाकर थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य चलाकर विस्फोट में गम्भीर रूप से घायल युवती व मजदूर को एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिये सिविल हास्पिटल भेजा। जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गयी। वही घायल मजदूर का इलाज जारी है।

सूचना पाकर डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनन्द व एसडीएम बृजेश वर्मा,एसीपी आरके सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। फायर बिग्रेड टीम ने मौके पर पहुंचकर सुलग रहे मलब की आग को बुझाया। नगराम क्षेत्र के देवती गांव निवासी मोहम्मद शफीक ने बताया कि उनके नाम पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस है। गांव के बाहर खेत में बने पक्के कमरे मे पटाखा बनाने की सामग्री व तैयार बारूद रखा हुआ था। सोमवार को वो गांव के ही रहने वाले मजदूर सूरज के साथ कमरे के बाहर पेड़ के नीचे बैठकर पटाखा बना रहे थे। इस दौरान गर्मियो की छुट्टियो में घर आई साले की बेटी मारिया (22वर्ष) निवासी खुजौली थाना मोहनलालगंज भी फैक्ट्री पहुंच गई और गांव का रहने वाला किशोर मोहित (16वर्ष) भी आ गया। फैक्ट्री मालिक मोहम्मद शफीक ने बताया कि इस दौरान वो गांव में बन रहे अपने घर को देखने चला गया।
भतीजी मारिया व मजदूर सूरज व किशोर मोहित पेड़ के पास बैठे ही थे कि अचानक से 11:30 बजे के करीब तेज धमाके के साथ फैक्ट्री का कमरा उड़ गया और इस दौरान धमाके की चपेट में आकर भतीजी मारिया व किशोर मोहित घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे नगराम थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी ने गम्भीर रूप से घायल मारिया व मोहित को इलाज के लिए मोहनलालगंज सीएचसी भेजा। जहां मौजूद डाक्टर ने दोनो की हालत गम्भीर देख इलाज के लिए सिविल हास्पिटल रेफर कर दिया।
जहां भर्ती कर इलाज के दौरान युवती मारिया की मौत हो गई। सूचना के बाद फायरबिग्रेड के साथ मौके पर पहुंचे कर्मियो ने मलबे के ढेर में सुलग रहे बारूद की आग बुझाई। सूचना पाकर डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनन्द व एसडीएम बृजेश वर्मा, एसीपी आरके सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। डीसीपी अमित कुमार ने बताया कि लाइसेंस धारक फैक्ट्री का संचालन आबादी से दूर कर रहा था, विस्फोट के कारणो की जांच कर आगे की कार्यवाही की जायेगी।










