अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचा योजनाओं का लाभ : सतीश शर्मा
ग्राम बभनी बुजुर्ग में चौपाल लगाकर जनसमस्याएं सुनीं, योजनाओं की दी जानकारी
बी पी त्रिपाठी। बलरामपुर
सुशासन को समर्पित माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा राष्ट्र सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद बलरामपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया इसी क्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति एवं जनपद प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा द्वारा विकास खंड श्रीदत्तगंज परिसर में आयोजित स्वास्थ्य मेला, लाभार्थी संतृप्तिकरण शिविर एवं अन्न (मिलेट्स) प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पहुंचने पर प्रभारी मंत्री जी का जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। इसके उपरांत उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, पंजीकरण एवं जागरूकता स्टॉलों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने निर्देशित किया कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाया जाए। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण की कामना की। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस दिशा में अनेक प्रभावी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को आवास की चाबियां वितरित कीं।

आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड प्रदान किए गए, कृषक बंधुओं को बीज किट वितरित की गई तथा परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अध्ययन सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन व्यवस्था के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आमजन के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हुआ है। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा द्वारा विकास खंड उतरौला के ग्राम बभनी बुजुर्ग में आयोजित ग्राम चौपाल में प्रतिभाग कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया। चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री द्वारा ग्रामीण लाभार्थियों को घरौनी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड प्रदान किए गए तथा परिषदीय विद्यालयों की छात्राओं को अध्ययन सामग्री वितरित कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में जिला अधिकारी विपिन कुमार ,मुख्य विकाश अधिकारी हिमांशु गुप्ता विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, जनप्रतिनिधिगण, ग्रामवासी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इससे पूर्व प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा द्वारा मीडिया संवाद किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सुशासन को समर्पित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हितैषी योजनाओं एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इस दौरान जनपद के सम्मानित मीडिया बंधु, विधायक बलरामपुर पल्टूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।










