अनधिकृत यात्री वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा

विशेष अभियान में 12 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई, 3.65 लाख रुपये का जुर्माना लगाया

विनीत शर्मा। मुजफ्फरनगर

परिवहन विभाग ने जिले में नियमों का उल्लंघन कर संचालित किए जा रहे यात्री और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई वाहनों का चालान किया गया तथा कुछ वाहनों को बंद भी कराया गया। परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिले के विभिन्न मार्गों पर जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान ऐसे वाहनों को चिह्नित किया गया जो बिना निर्धारित नियमों का पालन किए यात्रियों का परिवहन करते पाए गए। अभियान में अनधिकृत रूप से संचालित नौ यात्री वाहनों के विरुद्ध चालान एवं बंद की कार्रवाई की गई।

 

इसके अलावा ओवरलोडिंग के मामलों में तीन वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 12 वाहनों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार नियमों के उल्लंघन में पकड़े गए वाहनों पर कुल 3.65 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सड़क परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों को चेतावनी दी है कि वे निर्धारित मानकों और नियमों का पालन करते हुए ही वाहनों का संचालन करें। बिना वैध अनुमति या नियमों की अनदेखी कर यात्री परिवहन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *