केस निरस्त होने के बाद हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी

देहरादून। उत्तराखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता कंशिका भट्ट को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने उनके मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक संदेश भेजकर उनके चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए और उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता कंशिका भट्ट एक सैन्य अधिकारी से जुड़े मामले में पैरवी कर रही थीं। वर्ष 2025 में मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित एक थाने में उक्त सैन्य अधिकारी के खिलाफ एक महिला द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। बताया गया है कि अधिवक्ता की पैरवी के बाद मार्च 2026 में मामला निरस्त हो गया।
आरोप है कि इसके बाद राणी सोलंकी की ओर से अधिवक्ता को कथित रूप से धमकियां दी गईं। नौ सितंबर को उनके मोबाइल पर आपत्तिजनक संदेश भेजे गए। संदेश में महिला अधिवक्ता के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के साथ उनके पुत्र को भी जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप है।
मामले की शिकायत पुलिस से किए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण की जांच की जा रही है और संदेशों तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने भी मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रकरण की जांच की जा रही है।



