सुगम, सुरक्षित एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता: जेपीएस राठौर

- सहकारिता मंत्री ने उप्र स्टेट कोऑपरेटिव बैंक की तालकटोरा शाखा के नवीन भवन का किया शुभारम्भ
पायनियर समाचार सेवालखनऊ। सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने कहा कि सहकारी बैंकों को आधुनिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर ग्राहकों को बेहतर, सुगम, सुरक्षित एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंकों का लाभ लगातार बढ़ रहा है और जिला सहकारी बैंकों को 75 करोड़ रुपये का डिविडेंड देने के बाद भी बैंक का लाभ बढ़ना इसकी बेहतर वित्तीय स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सहकारी बैंकों में आमजन का पैसा पूरी तरह सुरक्षित है तथा ग्राहकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
ये बातें राठौर ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की तालकटोरा शाखा, लखनऊ के आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से युक्त एवं पूर्णतया वातानुकूलित नवीन भवन का शुभारम्भ अवसर पर कही। उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड देश का पहला स्टेट कोऑपरेटिव बैंक है, जिसे आधार कार्ड बनाने एवं उसमें सुधार करने के लिए अधिकृत किया गया है। बैंक की शाखाओं में आधार कार्ड बनवाने एवं अपडेट कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही भविष्य में सहकारी समितियों के माध्यम से भी आमजन को आधार कार्ड संबंधी सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
सहकारिता मंत्री ने बताया कि सहकारी ग्राम विकास बैंक (एलडीबी) के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को 6 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सहकारी बैंकों के माध्यम से अनेक नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। राठौर ने बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ग्राहकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने तथा बैंक की योजनाओं और डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री द्वारा बैंक के ग्राहकों को सम्मानित भी किया गया। इसी के साथ ही साथ त्योहारों के मौसम को देखते हुए उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड द्वारा ग्राहकों को आकर्षक ब्याज दरों पर विभिन्न ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बैंक द्वारा गृह ऋण 7.25 प्रतिशत, वाहन ऋण 7.60 प्रतिशत, दोपहिया वाहन ऋण 7.99 प्रतिशत तथा व्यावसायिक वाहन ऋण 8.99 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, महिला ग्राहकों को ब्याज दर में विशेष छूट भी प्रदान की जा रही है। बैंक की इस पहल का उद्देश्य ग्राहकों के घर, वाहन एवं व्यवसाय से जुड़े सपनों को साकार करना तथा त्योहारों के अवसर पर उन्हें बेहतर वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव, सहकारिता एके शुक्ला, आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता कुमार प्रशान्त, अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) अनिल कुमार सिंह, पीसीएफ के प्रबंध निदेशक नीरज शुक्ला, उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आरके कुलश्रेष्ठ, अध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह, उपाध्यक्ष मनीष सहनी, राजाजीपुरम, लखनऊ के सभासद शिवपाल सांवरिया, बैंक के डायरेक्टर, वरिष्ठ अधिकारी, शाखा प्रबंधक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। तालकटोरा शाखा का नवीन भवन उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक की आधुनिक बैंकिंग सेवाओं के विस्तार एवं ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।



