सुभाष हत्याकांड का दूसरा आरोपी मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
-शाहपुर रोड पर पुलिस से हुई मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल हुआ शुभम उर्फ छोटन

-अवैध असलहा बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मुजफ्फरनगर। किनौनी गांव निवासी गार्ड सुभाष हत्याकांड में फरार चल रहे एक और आरोपी को शहर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बुधवार रात बुुढ़ाना-शाहपुर मार्ग पर पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी शुभम उर्फ छोटन के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से अवैध असलहा भी बरामद किया गया है।
किनौनी निवासी गार्ड सुभाष की 15 सितंबर की सुबह पीनना गांव के पास शामली रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए किनौनी निवासी बंटी उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी। बुधवार रात शहर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सुभाष हत्याकांड में शामिल शुभम उर्फ छोटन बुुढ़ाना-शाहपुर मार्ग से होकर फरार होने की कोशिश में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद संदिग्ध आरोपी वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शुभम उर्फ छोटन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। उसके पास से अवैध असलहा और कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस जांच में सुभाष की हत्या के पीछे प्रेम संबंधों से जुड़ा विवाद सामने आने की बात कही जा रही है। मामले में कई अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि सुभाष हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी शुभम उर्फ छोटन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से अवैध असलहा बरामद हुआ है। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।



