एसएसपी ने की पैदल गश्त, बाजारों में परखी सुरक्षा व्यवस्था

–जुमा की नमाज को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों में रही सतर्कता, ड्रोन और सीसीटीवी से की गई निगरानी
पायनियर समाचार सेवा, खतौली। जुमा की नमाज और वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए शुक्रवार को पुलिस-प्रशासन ने जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने खतौली थाना क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर बाजारों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था परखी। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। पैदल गश्त के दौरान एसएसपी ने प्रमुख बाजारों, मार्गों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण किया। उन्होंने पुलिस की तैनाती, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक समेत पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की पैदल गश्त से बाजारों में सुरक्षा का संदेश दिया गया। इस मौके पर सीओ रुपाली राव और कोतवाल दिनेश चंद्र बघेल समेत अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मुजफ्फरनगर संवेदनशील जनपद है। जुमा के दिन विशेष रूप से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए जाते हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को भी जिलेभर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील स्थानों पर क्यूआरटी और अन्य टीमों को सक्रिय रखा गया है। एंटी रॉयट इक्विपमेंट के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। एसएसपी ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के साथ ही सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। इसके अलावा एलआईयू समेत अन्य संबंधित टीमों को भी सक्रिय रखा गया है। पुलिस सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर बनाए हुए है। किसी व्यक्ति द्वारा भड़काऊ, आपत्तिजनक या माहौल खराब करने वाला संदेश प्रसारित किए जाने की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने बाजारों में यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के साथ ही अवैध अतिक्रमण पर भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। किसी भी सूचना को हल्के में न लिया जाए और सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून एवं शांति व्यवस्था बिगाड़ने अथवा माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। आमजन से भी आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई।



