एसआईआर प्रक्रिया लगभग पूरी, अब ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच

पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के निदेर्शों के क्रम में एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को एनआईसी कक्ष, तहसील परिसर हल्द्वानी में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट-1 (बीएलए-1) के साथ बैठक हुई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित साप्ताहिक बैठकें की जा रही हैं। बैठक में विभिन्न दलों के प्रतिनिधि प्रत्यक्ष एवं आॅनलाइन माध्यम से शामिल हुए। प्रतिनिधियों ने एसआईआर से संबंधित प्रश्न एवं जिज्ञासाएं रखीं, जिनका समाधान किया गया। उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों में पूर्ण हो चुकी है और हल्द्वानी में भी सोमवार को पूरी कर ली जाएगी। प्रतिनिधियों ने प्रक्रिया पर संतुष्टि जताई। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू होगी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इसकी प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा अधिकृत पदाधिकारियों के नाम-पदनाम उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि पहचान पत्र जारी किए जा सकें।



