पुरकुल गांव से सेवा संकल्प अभियान का आगाज, 200 से अधिक लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ

-
बहुउद्देशीय जन शिविर में 28 से अधिक शिकायतें सुनीं, 150 से ज्यादा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
पायनियर समाचार सेवा। देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत देहरादून जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बहुउद्देशीय जन शिविरों की शुरूआत सोमवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल गांव स्थित दीपक पुंडीर सामुदायिक केंद्र से हुई। शिविर में 200 से अधिक लोगों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया, जबकि 150 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया। शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का जायजा लेने के साथ उन्होंने पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट, दो किशोरी किट और दो बेबी किट वितरित कीं।
कैबिनेट मंत्री ने ग्रामीणों की 28 से अधिक समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। सहस्रधारा आपदा प्रभावित क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पुश्तों, सुरक्षा दीवार, आवासीय कटान और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं खेरी मान सिंह मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण और पुरकुल गांव में बस संचालन की मांग पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर में कृषि विभाग के सहयोग से उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहसपुर विकासखंड के क्यारकुली भट्टा गांव स्थित श्रीहरि स्वयं सहायता समूह की सदस्य मीना कोटाल को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। उद्यान विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य और उद्यान समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि देहरादून जिले में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। ह्यसेवा सेतुह्ण अभियान के तहत ह्यजन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारह्ण कार्यक्रम में प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक और तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। पुरकुल गांव का शिविर इसी श्रृंखला की शुरूआत है। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, विक्रम सिंह, सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा, गोरख कल्याण परिषद के अध्यक्ष/राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, सीमा पुंडीर सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



