एटीएम तोड़ने वाले गिरोह का एक आरोपी गिरफ्तार

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मोहनलालगंज कस्बे में मौरांवा रोड स्थित इंडिया फर्स्ट एटीएम बूथ में मशीन तोड़कर नगदी चोरी करने का प्रयास करने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे व निशानदेही पर एटीएम मशीन के पार्ट, चोरी में इस्तेमाल उपकरण और तीन कूटरचित नंबर प्लेट बरामद की हैं। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि बीते गुरुवार की रात करीब 12 बजे बिना नंबर की कार से दो चोर मौरांवा रोड स्थित इंडिया फर्स्ट एटीएम बूथ पहुंचे थे।
दोनों ने एटीएम मशीन को तोड़कर नगदी चोरी करने का प्रयास किया। इसी दौरान आसपास रहने वाले लोगों ने बूथ से खटपट की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस को मौके पर आता देख दोनों चोर मशीन के टूटे हुए पार्ट लेकर कार से भागने लगे। चौकी इंचार्ज अतुल सिंह समेत पुलिस टीम ने कार से भाग रहे चोरों का पीछा किया और कार समेत एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। थाने लाकर पूछताछ करने पर गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम अभिषेक जायसवाल निवासी पानदरीबा कस्बा लालगंज, रायबरेली बताया।
उसने फरार साथी का नाम विशाल सिंह निवासी आचार्यनगर कस्बा लालगंज बताया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एटीएम मशीन का की-पैड, पावर ऑन-ऑफ कवर, लोहे का ट्रे लॉक, बड़ा पेचकस, एक एटीएम लोगो, दो कैश ट्रैपिंग उपकरण और तीन कूटरचित नंबर प्लेट बरामद कीं। पुलिस ने आरोपी को बरामद माल के साथ न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी की तलाश में सर्विलांस समेत पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।



