नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार

कैराना। नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में वांछित आरोपी को कैराना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर नाबालिग को धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को कैराना थाना क्षेत्र से एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में उसके परिजन ने पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर थाना कैराना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के निर्देश पर महिला अपराधों की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बृहस्पतिवार को कैराना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन पुत्र बालिस्टर निवासी ग्राम जगनपुर, थाना कैराना, जनपद शामली के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मामले में वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सतीश कुमार, हेड कांस्टेबल अनिल, हेड कांस्टेबल यतेन्द्र, हेड कांस्टेबल प्रमेश कुमार और महिला कांस्टेबल प्राची शामिल रहीं।



