स्वतंत्रनिर्भीक पत्रकारिता
BREAKING NEWS
दिल्ली में महिला सुरक्षा में बड़ी पहल: सड़कों पर उतरेंगी महिला पुलिसकर्मी, थमेगी अपराधों की रफ्तारअचानक हुआ फ्रिज के कंप्रेसर में धमाका, परिवार बचा पर पालतू कुत्ते की मौतडीएम ने विकास खंड हरैया सतघरवा के ग्राम पंचायत सकरी बनकटवा में वीएचएसएनडी सत्र का किया निरीक्षणसारनाथ को यूनेस्को का दर्जा मिलने से जापान में यूपी के बौद्ध सर्किट को मिलेगी विशिष्ट पहचान30 लाख दीपों से जगमगाएगी अयोध्या, 2100 ड्रोन शो से बढ़ेगा आकर्षणअनन्या जैन और शताक्षी चौधरी सेमीफाइनल में, एकल में कायम रखी यूपी की चुनौतीलखीमपुर जिला महिला अस्पताल में घूसखोरी का आरोप, प्रसूता के परिजन से वसूले 2 हजार रुपये‘आरोग्य राइज’ के तहत सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन ने श्रमिक समुदायों के लिए शुरू की मेगा कैंसर पूर्व-जांच पहलपिंक सिटी में गरजा बुलडोजर, खकरा नदी किनारे बनी सड़क ध्वस्तभारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने रजत जीतकर एशियाई खेलों में पदक का सूखा खत्म कियादिल्ली में महिला सुरक्षा में बड़ी पहल: सड़कों पर उतरेंगी महिला पुलिसकर्मी, थमेगी अपराधों की रफ्तारअचानक हुआ फ्रिज के कंप्रेसर में धमाका, परिवार बचा पर पालतू कुत्ते की मौतडीएम ने विकास खंड हरैया सतघरवा के ग्राम पंचायत सकरी बनकटवा में वीएचएसएनडी सत्र का किया निरीक्षणसारनाथ को यूनेस्को का दर्जा मिलने से जापान में यूपी के बौद्ध सर्किट को मिलेगी विशिष्ट पहचान30 लाख दीपों से जगमगाएगी अयोध्या, 2100 ड्रोन शो से बढ़ेगा आकर्षणअनन्या जैन और शताक्षी चौधरी सेमीफाइनल में, एकल में कायम रखी यूपी की चुनौतीलखीमपुर जिला महिला अस्पताल में घूसखोरी का आरोप, प्रसूता के परिजन से वसूले 2 हजार रुपये‘आरोग्य राइज’ के तहत सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन ने श्रमिक समुदायों के लिए शुरू की मेगा कैंसर पूर्व-जांच पहलपिंक सिटी में गरजा बुलडोजर, खकरा नदी किनारे बनी सड़क ध्वस्तभारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने रजत जीतकर एशियाई खेलों में पदक का सूखा खत्म किया

लखनऊ फाल्कन्स को 94 रन से हराकर मेरठ मावेरिक्स दूसरी बार बना यूपी टी-20 चैंपियन

लखनऊ फाल्कन्स को 94 रन से हराकर मेरठ मावेरिक्स दूसरी बार बना यूपी टी-20 चैंपियन
  • दिव्यांश के तूफानी शतक के बाद विशाल चौधरी की घातक गेंदबाजी से 109 रन पर सिमटी लखनऊ की टीम

लखनऊ,रघुबीर शर्मा। दिव्यांश जोशी के तूफानी शतक और विशाल चौधरी की घातक गेंदबाजी के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का खिताब अपने नाम कर लिया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए ग्रैंड फिनाले में मेरठ ने लखनऊ फाल्कन्स को 94 रन से शिकस्त देकर दूसरी बार यूपी टी20 लीग की ट्रॉफी पर कब्जा किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मेरठ मावेरिक्स ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 203 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में लखनऊ फाल्कन्स की पूरी टीम 16 ओवर में 109 रन पर पवेलियन लौट गई।

37 गेंद में शतक, दिव्यांश ने रचा इतिहास

मेरठ की जीत के नायक दिव्यांश जोशी रहे। उन्होंने महज 40 गेंदों पर 12 चौकों और सात छक्कों की मदद से 105 रन की तूफानी पारी खेली। दिव्यांश ने 37 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और यूपी टी-20 लीग के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ दिया। वह लीग के फाइनल में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बने। शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी दिया गया।

करीब 30 हजार दर्शकों की मौजूदगी में खेले गए इस मुकाबले में चौकों-छक्कों पर स्टेडियम तालियों और शोर से गूंजता रहा। वहीं विकेट गिरने पर दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

मैच की औपचारिक शुरुआत बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और यूपीसीए के अध्यक्ष निधिपति सिंहानिया ने टॉस कराकर और पारंपरिक अंदाज में बेल बजाकर की।

मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए 203 रन

मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। स्वास्तिक चिकारा और दिव्यांश जोशी ने टीम को तेज शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। लखनऊ को पांचवें ओवर में पहली सफलता मिली, जब आईपीएल स्टार विप्रज निगम ने स्वास्तिक चिकारा को 18 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा।

इसके बाद दिव्यांश ने मोर्चा संभाल लिया। मेरठ का दूसरा विकेट नौवें ओवर में 103 रन के स्कोर पर गिरा। रितुराज 17 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर अजीत वर्मा की गेंद पर विप्रज निगम को कैच थमा बैठे।

अक्षय दुबे 15 रन बनाकर 13वें ओवर में आउट हुए। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अभिनंदन सिंह ने मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह को एक रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।

दूसरी ओर दिव्यांश का बल्ला लगातार बरसता रहा। उन्होंने 37 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लीग में नया रिकॉर्ड बनाया। शतक पूरा करने के बाद वह 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। हालांकि बाद में वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटे, लेकिन दूसरी ही गेंद पर भुवनेश्वर कुमार का शिकार हो गए।

मेरठ की पारी का अंत अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर हुआ, जब जीशान अंसारी तीन रन बनाकर रन आउट हो गए। लखनऊ की ओर से अभिनंदन सिंह ने तीन विकेट लिए।

विशाल की फिरकी में फंसी लखनऊ की बल्लेबाजी

204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेज़बान लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 13 रन के स्कोर पर ही दो विकेट गंवा दिए और इसके बाद लगातार दबाव में रही।

सलामी बल्लेबाज हिमांशु सिंह पांच रन बनाकर विजय कुमार की गेंद पर विकेटकीपर अक्षय दुबे को कैच दे बैठे। अगले ही ओवर में आराध्य यादव भी पांच रन बनाकर करन चौधरी की गेंद पर कुणाल यादव को कैच थमा बैठे।

मोहम्मद सैफ 10 और अक्षु बाजवा चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। प्रियम गर्ग अपना खाता भी नहीं खोल सके। उन्हें विशाल चौधरी की गेंद पर यश गर्ग ने कैच किया। 58 रन के स्कोर पर लखनऊ की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।

अजीत वर्मा ने 24 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रन आउट हो गए। अगले ही ओवर में समीर चौधरी छह रन बनाकर विशाल चौधरी की गेंद पर रितुराज शर्मा को कैच दे बैठे।

विप्रज निगम तीन रन बनाकर जीशान अंसारी की गेंद पर रिंकू सिंह को कैच थमा बैठे। कृतज्ञ कुमार सिंह ने 18 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 21 रन बनाए, जबकि अभिनंदन सिंह छह रन बनाकर 16वें ओवर में जीशान अंसारी का शिकार हुए।

मेरठ की ओर से विशाल चौधरी ने 24 रन देकर चार विकेट चटकाए। जीशान अंसारी को दो विकेट मिले। मेरठ की धारदार गेंदबाजी के सामने लखनऊ की पूरी टीम 16 ओवर में 109 रन पर सिमट गई।

चौथी बार फाइनल, दूसरी बार खिताब

मेरठ मावेरिक्स ने लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचकर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही टीम यूपी टी-20 लीग की दो बार की चैंपियन और दो बार की उपविजेता बन गई है।

मेरठ लगातार चार फाइनल खेलने वाली पहली टीम भी बन गई। इसके अलावा टीम ने यूपी टी-20 लीग के इतिहास में अपने 50 मुकाबले भी पूरे कर लिए।

जीशान को पर्पल, करन शर्मा को ऑरेंज कैप

मेरठ मावेरिक्स के जीशान अंसारी ने पूरे टूर्नामेंट में 25 विकेट लेकर पर्पल कैप हासिल की। वहीं काशी रुद्रास के करन शर्मा 361 रन बनाकर ऑरेंज कैप के विजेता बने।

मेरठ को एक करोड़, लखनऊ को 60 लाख

लीग के समापन समारोह में बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर यूपीसीए अध्यक्ष निधिपति सिंहानिया, सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता और कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला भी मौजूद रहे।

विजेता मेरठ मावेरिक्स को विजेता ट्रॉफी के साथ एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं उपविजेता लखनऊ फाल्कन्स को ट्रॉफी और 60 लाख रुपये का पुरस्कार मिला।

समारोह की अध्यक्षता यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने की। गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, लीग के ब्रांड एंबेसडर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना तथा यूपीसीए मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम भी मौजूद रहे।

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने पिछले चार सत्रों में प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दिया है। लीग के माध्यम से खिलाड़ियों को उच्च स्तर की क्रिकेट में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश से और अधिक प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य सिर्फ क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर मंच और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। चौथे सत्र में खिलाड़ियों के प्रदर्शन, दर्शकों के उत्साह और क्रिकेट के प्रति बढ़ते आकर्षण ने लीग की सफलता को और मजबूत किया है।

यूपीसीए मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने कहा कि लीग की सफलता में लखनऊ की मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। मीडिया ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रमुखता से सामने रखा, जिसका असर फाइनल में देखने को मिला। करीब 30 हजार से अधिक दर्शकों का स्टेडियम पहुंचना यूपी टी-20 लीग के लिए बड़ी उपलब्धि है और इसके लिए मीडिया बधाई की पात्र है।

समापन समारोह में यूपीसीए के निदेशक युद्धवीर सिंह, प्रदीप गुप्ता, विजय गुप्ता, श्याम बाबू, जीएम तिवारी और ताहिर हसन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

साझा करें:fxw
हर खबर, हर पल — जुड़े रहें!हर बड़ी खबर सबसे पहले पाने के लिए हमारे न्यूज़लेटर से जुड़ें