लगातार बारिश के बीच डीएम और नगर आयुक्त का जमीनी दौरा

जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचे अफसर, जल निकासी दुरुस्त करने के निर्देश,जलभराव वाले इलाकों का लिया जायजा
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। राजधानी में पिछले करीब 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि कई स्थानों पर घरों में पानी घुसने की भी सूचना है। लगातार बारिश के बीच शनिवार को जिलाधिकारी विशाख जी और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का जमीनी निरीक्षण कर जलभराव और जल निकासी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित इलाकों में आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर सक्रिय रहने को कहा गया। लगातार बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी ने शनिवार को कक्षा एक से 12 तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालय बंद रखने के आदेश भी दिए थे।
वहीं बारिश के कारण शहर में कई जगह जर्जर पेड़ गिरने की सूचनाएं सामने आई हैं। कुछ स्थानों पर जर्जर मकानों के गिरने और सड़कों के धंसने की भी शिकायतें मिली हैं। प्रशासन और नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।



