कैंटर से 390 टीन अवैध लीसा बरामद, चालक गिरफ्तार

पायनियर समाचार सेवा। रामनगर। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने टेढ़ा वन बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक कैंटर से 390 टीन अवैध लीसा बरामद किया। पुलिस ने मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद लीसा की अनुमानित कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को कोतवाली रामनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि कैंटर में अवैध लीसा सीताबनी रोड की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने पुलिस टीम को रवाना किया और वन विभाग को सूचना देकर टेढ़ा वन बैरियर पर संयुक्त चेकिंग शुरू कराई। इसी दौरान कैंटर संख्या यूके18सीए-9562 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 390 टीन लीसा बरामद हुआ। पूछताछ में चालक ने अपना नाम प्रेम सिंह (39) निवासी च्यूटीगाढ़, धारी, नैनीताल बताया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 300/2026 के तहत भारतीय वन अधिनियम की धारा 26/52 में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



