ज्वेलरी खरीदने पहुंची दो महिलाएं, मौका मिलते ही पेंडल-बालियां उड़ाई

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, करीब 50 हजार रुपये का माल चोरी होने का दावा,दुकानदार ने थाने में दी तहरीर
पायनियर संवाददाता। गजरौला, पीलीभीत
सुहास रोड स्थित एक ज्वेलरी की दुकान पर बुधवार दोपहर खरीदारी के बहाने पहुंची दो महिलाओं पर करीब 50 हजार रुपये कीमत के जेवर चोरी करने का आरोप लगा है। दोनों महिलाएं दुकानदार को बातों में उलझाकर एक पेंडल और एक जोड़ी बालियां लेकर फरार हो गई। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित दुकानदार ने बृहस्पतिवार को गजरौला थाने में दोनों अज्ञात महिलाओं के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
दुकानदार सर्वेश कुमार वर्मा ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान दो महिलाएं ज्वेलरी खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंची। दोनों ने अलग-अलग आभूषण देखने शुरू किए और दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान मौका पाकर दोनों महिलाओं ने एक पेंडल और एक जोड़ी बालियां चोरी कर ली और वहां से फरार हो गई।
शाम को दुकान बंद करने के बाद सर्वेश कुमार अपने घर पीलीभीत की बरहा कॉलोनी पहुंचे। घर पहुंचने पर उनकी बेटी ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज देखने पर महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियां सामने आई और चोरी की घटना कैमरे में कैद मिली।
इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह दुकानदार गजरौला थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।



