इंटर-डीपीएस गर्ल्स बास्केटबॉल ट्रॉफी पर डीपीएस एल्डिको का कब्जा, पाखी रावत सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
डीपीएस रानीपुर दूसरे और डीपीएस आगरा तीसरे स्थान पर रहे

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ।दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) एल्डिको, लखनऊ ने इंटर-डीपीएस गर्ल्स बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026 का खिताब जीत लिया। 8 से 10 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। डीपीएस रानीपुर दूसरे और डीपीएस आगरा तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में कुल 17 टीमों ने भाग लिया।
टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, रणनीतिक कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के साथ-साथ दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता भी दिखाई। प्रतियोगिता ने युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
समापन समारोह में डीपीएस एल्डिको की प्रधानाचार्या गुंजन साहनी ने विजेता टीम को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता केवल ट्रॉफी जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास, आपसी सहयोग और खेल भावना भी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और रेफरी की निष्पक्ष भूमिका की भी सराहना की।
समारोह में सुपरहाउस ग्रुप के खेल निदेशक शशांक भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पाखी रावत को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। डीपीएस एल्डिको की मेजबानी में आयोजित इस प्रतियोगिता ने विभिन्न विद्यालयों की खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आपसी खेल संबंध मजबूत करने का मंच प्रदान किया। तीन दिवसीय आयोजन का समापन उत्साह, उपलब्धियों और खेल भावना के संदेश के साथ हुआ।



