हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर नीचे नाले पर गिरा युवक

शटरिंग का काम करते समय हुआ हादसा, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। दो मंजिला इमारत पर शटरिंग का काम कर रहा एक युवक ऊपर से गुजर रही 11 हजार हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट का तेज झटका लगने से युवक करीब 30 फीट नीचे पक्के नाले में जा गिरा। हादसे में उसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुकान मालिक अय्यूब और ग्रामीणों ने आनन-फानन घायल युवक को नजदीकी निजी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसेरेफर कर दिया।
रहीमाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बेलाहार निवासी रमाकांत (28) शटरिंग का काम करता है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह उन्नाव बॉर्डर के पास कटरा तरौना स्थित पूर्व प्रधान अय्यूब मंसूरी की मार्केट में दो मंजिला इमारत पर शटरिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान वह लोहे की हथौड़ी से लकड़ी की शटरिंग में कील ठोक रहा था। तभी हथौड़ी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से जा टकराई।लाइन की चपेट में आते ही रमाकांत को तेज करंट का झटका लगा और वह संतुलन खोकर करीब 30 फीट नीचे बने पक्के नाले पर गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद उसके सिर और नाक से काफी खून बह रहा था। ग्रामीणों ने तत्काल उसे नजदीकी कुंदन हॉस्पिटल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।



