एलडब्ल्यूपीएल: कात्यायनी के चार विकेट से लखनऊ शेरनिस का 10 विकेट से विजयी आगाज
सेज स्पोर्ट्स ग्राउंड पर खेले गए उद्घाटन मुकाबले में लखनऊ शेरनीज ने कात्यायनी पाठक की घातक गेंदबाजी और अंशू तिवारी व वागीशा सिंह की संयमित शतकीय साझेदारी के दम पर रहीमाबाद रॉयल्स को पूरे 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। लखनऊ के क्रिकेट इतिहास में पहली बार खेली जा रही लखनऊ महिला प्रीमियर लीग (एलडब्ल्यूपीएल) के पहले ही दिन लखनऊ शेरनीज ने अपने नाम के अनुरूप धमाकेदार प्रदर्शन किया। सेज स्पोर्ट्स ग्राउंड पर खेले गए उद्घाटन मुकाबले में लखनऊ शेरनीज ने कात्यायनी पाठक की घातक गेंदबाजी और अंशू तिवारी व वागीशा सिंह की संयमित शतकीय साझेदारी के दम पर रहीमाबाद रॉयल्स को पूरे 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।
वहीं, इससे पूर्व शाम को लीग का भव्य उद्घाटन उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में पहली बार आयोजित हो रही महिला क्रिकेट लीग पर हमें गर्व है। इससे हमारी शहर की बेटियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच मिलेगा, जिसके माध्यम से वे राज्य, राष्ट्रीय स्तर और महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) तक अपनी दावेदारी पेश कर सकेंगी। इस मौके पर लीग के चेयरमैन और सीएएल अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि बेटियों को पहली बार इतना ग्लैमरस और पेशेवर मंच मिला है, जिससे महिला क्रिकेट का स्तर और ऊँचा उठेगा। इस मौके पर लीग की ब्रांड एंबेसडर रीता डे, सीएएल सचिव केएम खान, कमिश्नर एसपी मिश्रा, आयोजन समिति अध्यक्ष पीयूष पांडेय, डिप्टी कमिश्नर प्रियंका शैली सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
कात्यायनी ने एक ही ओवर में चटकाए तीन विकेट: टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रहीमाबाद रॉयल्स की शुरूआत बेहद धीमी रही। 26 के स्कोर पर तनिष्का जैसवाल (10) को आरोही सिंह ने एलबीडब्ल्यू कर पहला झटका दिया। इसके बाद कात्यायनी पाठक का कातिलाना स्पेल देखने को मिला। कात्यायनी ने एक ही ओवर में सृष्टि (4), कप्तान काजल टमटा (0) और निशु चौधरी (0) को पवेलियन भेजकर रहीमाबाद की कमर तोड़ दी। रहीमाबाद के लिए सलामी बल्लेबाज धुन पिमोली ने 37 गेंदों पर 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से सर्वाधिक 39 रन बनाए।
पूरी टीम 20 ओवरों में 81 रनों पर ढेर हो गई। कात्यायनी ने 11 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि संध्या क्षेत्री को 2 और आरोही को 1 विकेट मिला। जवाब में लखनऊ शेरनीज की सलामी जोड़ी अंशू तिवारी और वागीशा सिंह ने बिना किसी हड़बड़ी के सूझबूझ से बल्लेबाजी की। अंशू ने 40 गेंदों में 5 चौकों की बदौलत नाबाद 34 रन बनाए, जबकि वागीशा ने 45 गेंदों में 3 चौके व 1 छक्के की मदद से नाबाद 35 रन जोड़े। शेरनीज ने बिना कोई विकेट गंवाए 13.5 ओवरों में 85 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कात्यायनी पाठक प्लेयर आॅफ द मैच रहीं।
| दूसरे मुकाबले में सेज फाल्कन ने अपने घरेलू मैदान पर 4 स्क्वायर वरियर्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त |
| लखनऊ विमेंस प्रीमियर लीग में बुधवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में सेज फाल्कन ने अपने घरेलू मैदान पर 4 स्क्वायर वरियर्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। सेज फाल्कन की जीत में उसकी गेंदबाज सोनाली और अर्चना देवी की खास भूमिका रही। |
| पहले बल्लेबाजी करने उतरी 4 स्क्वायर वारियर्स 42 रनों पर ही सिमट गई। सिर्फ तान्या सिंह (14) ही दहाई की संख्या तक पहुँच पाईं। सेज फाल्कन की सोनाली ने 6 और अर्चना देवी ने 14 रन देकर तीन तीन विकेट लिए। अर्चना यादव को एक विकेट मिला। जवाब में सेज फाल्कन ने बिना किसी नुकसान के 11.1 ओवर में 46 रन बना लिए। शर्गुन यादव ने 16 और आरजू सिंह ने 25 रनों की नाबाद पारियां खेली। |



