धीरेन्द्र प्रताप सिंह हत्याकांड: एक और इनामी को दबोचा गया

मृतक की अंगूठी और नगदी के साथ पकड़ा गया आरोपी
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में हुए चर्चित धीरेन्द्र प्रताप सिंह हत्याकांड में पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी जय किशन को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ और सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को सेक्टर-10 चौराहे के पास घेराबंदी कर उसे दबोचा। आरोपी के पास से 7300 रुपए नकद और मृतक की कीमती अंगूठी बरामद हुई है। धीरेन्द्र प्रताप सिंह की गत 29 अगस्त को हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही मुख्य साजिशकर्ता उनके चालक रवि उर्फ रवि किशन, उसके साथी ओमकार साहू और रवि की पत्नी पूजा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घटना के खुलासे के बाद फरार आरोपितों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपित जय किशन ने बताया कि उसके बड़े भाई रवि किशन ने ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर धीरेन्द्र प्रताप सिंह की हत्या की साजिश रची थी। इस साजिश की जानकारी उसे और उसकी भाभी पूजा को भी थी।
प्लॉट और मकान मिलने के लालच में वह इस साजिश में शामिल हो गया। जय किशन ने बताया कि गत 29 अगस्त को उसने भाई रवि किशन और उसके दोस्त द्वारा भेजे गए शूटर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के बाद रवि किशन ने उसे कुछ रुपए और मृतक की अंगूठी देकर फरार होने के लिए कहा था। आरोपित ने यह भी कबूला कि हत्या के बाद उसने और उसकी भाभी पूजा ने सबूत मिटाने के लिए धीरेन्द्र प्रताप सिंह के मोबाइल फोन ट्रेन में फेंक दिए थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार लखनऊ में ही ठिकाने बदल बदल कर रहा था।
इसी बीच एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इनामी आरोपित जय किशन सेक्टर-10 चौराहे पर किसी से मिलने आने वाला है, जिसके बाद संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।



