देहरादून में आईआईएम काशीपुर कैंपस का भूमिपूजन

- युवाओं को मिलेंगे बेहतर शैक्षणिक अवसर
पायनियर समाचार सेवा। देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को देहरादून में भारतीय प्रबंधन संस्थान काशीपुर के प्रस्तावित देहरादून कैंपस का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस खुलने से उत्तराखंड के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रबंधन के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी क्षमताओं को विकसित करने और नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, कार्यदायी संस्था सीपीडब्ल्यूडी देहरादून के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश समेत संबंधित विभागों और आईआईएम काशीपुर के अधिकारी मौजूद रहे।



