चंपावत में आयुर्वेद का नया केंद्र, तीन दिवसीय चिकित्सा शिविर शुरू

- उत्कर्ष केंद्र का हुआ शुभारंभ, विभिन्न पद्धतियों से मरीजों को मिल रहा उपचार
पायनियर समाचार सेवा। चंपावत। आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय विशाल आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हुआ। इसी के साथ नगर में आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे तथा विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि श्याम नारायण पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र जिलेवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। इससे आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा प्राप्त होगी।
विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने कहा कि चंपावत में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. सुधाकर गंगवार ने किया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश बसेड़ा, डॉ. आनंद सिंह, डॉ. गिरेंद्र चौहान समेत अन्य चिकित्सकों ने अतिथियों का स्वागत किया। भगवान धन्वंतरि के मंदिर में दीप प्रज्वलित कर सभी के सुख एवं आरोग्य की कामना की गई। शिविर में शल्य चिकित्सा, शालाक्य, बाल रोग, पंचकर्म, मर्म चिकित्सा, लीच थेरेपी और शिरोधारा समेत विभिन्न चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बड़ी संख्या में मरीज शिविर में पहुंचकर उपचार का लाभ उठा रहे हैं। डॉ. प्रकाश बसेड़ा ने कहा कि विभाग का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद से जोड़कर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन प्रदान करना है। नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य रश्मि रावत ने आयुर्वेद चिकित्सा की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस दौरान प्रभात तिवारी और लोकमणि पंत ने भी विचार रखे। शिविर के संचालन में सर्जन डॉ. भास्कर, डॉ. मुंशीलाल गोड़े, डॉ. नमिता अग्रवाल, डॉ. जेवा मलिक, डॉ. उमेश भारती, डॉ. सुमन कनौजिया, डॉ. सुभाष राणा, डॉ. अमरनाथ, डॉ. इकरा खान, डॉ. विनोद, डॉ. हर्ष पोखरिया, डॉ. कमल कुमार, डॉ. अशोक नगरकोटी, डॉ. विनोद कुमार, उपेंद्रनाथ गुप्ता समेत अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी सहयोग कर रहे हैं।



