कार में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे सवार

पायनियर बाराबंकी। सतरिख नाका पर सोमवार तड़के करीब 1:15 बजे लखनऊ से बाराबंकी आ रही फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार में अचानक आग लग गई। कार सवार लोगों ने समय रहते नीचे उतरकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बताया गया कि कार सवार लोग सतरिख नाका के पास चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी।
आग लगने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सतरिख नाका पर कुछ देर यातायात का मार्ग बदला गया। पुलिस और दमकल टीम ने स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात बहाल कराया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



