अब घर के नजदीक होगी कैंसर की जांच, 100 से अधिक स्थानों पर लगेंगे मुफ्त शिविर

-27 सितंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिखाई थी सेहत एक्सप्रेस को हरी झंडी, महिलाओं की जांच पर विशेष जोर
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबादफोर्टिस एस्कॉर्ट्स फरीदाबाद ने फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन चैरिटेबल सोसायटी और रोटरी क्लब फरीदाबाद के सहयोग से सेहत एक्सप्रेस मोबाइल स्वास्थ्य बस शुरू की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 27 सितंबर को सूरजकुंड मेला मैदान में आयोजित फरीदाबाद मैराथन के दौरान इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस पहल के तहत पहले वर्ष में 100 से अधिक सामुदायिक स्थानों पर मुफ्त कैंसर जांच और स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। मोबाइल बस के माध्यम से फरीदाबाद और आसपास के गांवों, औद्योगिक क्षेत्रों, सार्वजनिक उपक्रमों, आवासीय सोसायटियों तथा अन्य स्थानों पर लोगों को उनके घर के नजदीक कैंसर जांच, चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य जागरूकता सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बस में मैमोग्राफी और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद मिडटाउन के अध्यक्ष मोहन सोनी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों की दहलीज तक पहुंचाना स्वस्थ समाज के लिए जरूरी है। वहीं एफआईए चैरिटेबल सोसायटी के चेयरमैन नवदीप चावला ने कहा कि यह पहल नियमित स्वास्थ्य जांच और शुरुआती बीमारी की पहचान को बढ़ावा देगी। फोर्टिस एस्कॉर्ट्स फरीदाबाद के डॉ. बीडी पाठक, डॉ. सिद्धार्थ शंकर सूद और डॉ. इतिशा चौधरी ने कहा कि कैंसर के खिलाफ समय पर जांच और उपचार बेहद महत्वपूर्ण हैं। फेसिलिटी डायरेक्टर डॉ. अभिषेक शर्मा ने कहा कि मैमोग्राफी और रेडियोग्राफी जैसी सुविधाएं लोगों के नजदीक पहुंचने से शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान में मदद मिलेगी। रोटरी से जुड़ी डॉ. पुनीता हसीजा ने कहा कि महिलाओं में कैंसर की समय पर जांच के लिए ऐसी मोबाइल स्वास्थ्य वैन बेहद जरूरी है। इससे महिलाओं को अपने क्षेत्र के नजदीक जांच की सुविधा मिल सकेगी।
----------------------



