आनंद विहार टर्मिनल और कानपुर सेंट्रल के बीच चलेगी नई ट्रेन

नई दिल्ली। रेलवे ने राजधानी के आनंद विहार टर्मिनल और कानपुर सेंट्रल के बीच एक नई मेल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलने ने गुरुवार को बताया कि कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार (टी)-कानपुर सेंट्रल मेल (14153/14154) दैनिक रूप से चंलात होगी। रेलवे के अनुसार कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार (टी) मेल (14153) कानपुर सेंट्रल से रात 20:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 04:50 बजे आनंद विहार (टी) पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह आनंद विहार (टी)-कानपुर सेंट्रल मेल (14154) के रूप में आनंद विहार (टी) से रात 23:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 07:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।
यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार (टी) तक 428 किलोमीटर की दूरी आठ घंटे 10 मिनट तय करेगी, जबकि वापसी में आठ घंटे में अपने गंतव्य तक पहुंचे। रेलवे के अनुसार यह ट्रेन फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में रूकेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से लोगों को कानपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच रेल सम्पर्क का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। यात्रियों को रात में यात्रा करने का विकल्प मिलने के साथ मार्ग में आने वाले महत्वपूर्ण स्टेशनों से भी बेहतर संपर्क उपलब्ध होगा। यह ट्रेन कानपुर, इटावा, अलीगढ़, गाजियाबाद और दिल्ली क्षेत्र के बीच यात्रियों की सुविधाजनक आवाजाही में मदद करेगी और इस महत्वपूर्ण रेल गलियारे में यात्री आवागमन को सुगम बनाएगी।



