-अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और विमुक्त जनजाति के पात्र विद्यार्थियों से आवेदन की अपील
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद
जिला कल्याण अधिकारी ममता शर्मा ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग हरियाणा की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना तथा अन्य पिछड़ा वर्ग एवं विमुक्त जनजाति के विद्यार्थियों के लिए प्रधानमंत्री यशस्वी योजना के घटक-दो के तहत आवेदन किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
पात्र विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी का हरियाणा निवासी होना जरूरी है। अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग अथवा विमुक्त जनजाति श्रेणी के विद्यार्थियों के परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा में स्कॉरशिप डॉट गॉवमेंट डॉट इन के माध्यम से आवेदन करने की अपील की। योजना से संबंधित अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।