सीएमएस की त्रिशा वर्मा को 64,000 अमेरिकी डालर की स्काॅलरशिप

लखनऊ । सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर प्रथम कैम्पस की छात्रा त्रिशा वर्मा को उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी आॅफ मैसाचुसेट्स, एमहस्र्ट, द्वारा 64,000 अमेरिकी डालर की स्काॅलरशिप से नवाजा गया है। इस प्रकार, सी.एम.एस. की एक और छात्रा ने अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं ज्ञान-विज्ञान के दम पर विश्व की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में स्काॅलरशिप के साथ चयनित होकर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। त्रिशा को यह स्काॅलरशिप चार वर्षीय उच्चशिक्षा अवधि के दौरान प्रदान की जायेगी। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने दी है।
श्री खन्ना ने बताया कि त्रिशा ने अपनी सफलता का सम्पूर्ण श्रेय सीएमएस. के अपने शिक्षकों व विद्यालय के शान्तिपूर्ण शैक्षिक वातावरण को दिया है। खास बात यह है कि त्रिशा को अमेरिका, इंग्लैण्ड एवं कनाडा के कई अन्य प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों द्वारा भी स्काॅलरशिप के साथ उच्चशिक्षा हेतु आमन्त्रित किया गया है, जिनमें अमेरिका की न्यूयार्क यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी आॅफ नार्थ कैरोलीना, यूनिवर्सिटी आॅफ वाशिंगटन, यूनिवर्सिटी आॅफ कैलीफोर्निया (डेविस), नार्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी, एमोरी यूनिवर्सिटी एवं यूनिवर्सिटी आॅफ कैलीफोर्निया (सैन डियागो) के साथ ही इंग्लैण्ड के किंग्स कालेज लंदन एवं कनाडा की यूनिवर्सिटी आॅफ टोरंटो एवं यूनिवर्सिटी आॅफ ब्रिटिश कोलम्बिया शामिल है। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने सी.एम.एस. छात्रा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्वल भविष्य की कामना की है।
श्री खन्ना ने बताया कि प्रतिवर्ष भारी संख्या में सी.एम.एस. छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं। इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के 110 से अधिक छात्रों ने अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ चयनित होकर लखनऊ का नाम रोशन किया है। श्री खन्ना ने आगे बताया कि सी.एम.एस. एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर भी है जो उत्तर प्रदेश एवं आसपास के अन्य राज्यों के छात्रों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध करा रहा है।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *