936 दिव्यांगजनों को मिला नि:शुल्क सहायक उपकरण व सेवाओं का लाभ

- स्पार्क मिंडा फाउंडेशन और भारतीय सेना के पांच दिवसीय शिविर का समापन
पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। स्पार्क मिंडा फाउंडेशन और भारतीय सेना के सहयोग से हल्द्वानी के एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित पांच दिवसीय दिव्यांग सशक्तिकरण शिविर का सोमवार को विधिवत समापन हुआ। शिविर का शुभारंभ 24 सितंबर को किया गया था। समापन अवसर पर कर्नल वीपी सिंह मौजूद रहे। स्पार्क मिंडा के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट प्रवीण करन ने बताया कि पांच दिनों तक चले शिविर में 936 दिव्यांगजनों को नि:शुल्क सुविधाओं का लाभ दिया गया। शिविर में दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही आंखों की जांच और अन्य स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं भी प्रदान की गईं।

उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल तत्काल सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ना भी है। इसके लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग दिया गया। प्रवीण करन ने बताया कि शिविर के आयोजन में भारतीय सेना के साथ समाज कल्याण विभाग नैनीताल और ऊधमसिंह नगर का भी सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि स्पार्क मिंडा फाउंडेशन इससे पहले जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में भी दो शिविर आयोजित कर चुका है। दुर्गम क्षेत्रों से आने वाले दिव्यांगजनों को सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।



