पायनियर संवाददाता
पीलीभीत। माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर में सोमवार रात पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में पांच वर्षीय मासूम समेत 10 लोग घायल हो गए। एक युवक के पैर में गोली लगी, जबकि अन्य लोगों को छर्रे लगने से चोटें आई हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बाबूराम और बालकराम के बीच काफी समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है। करीब दो माह पहले पार्क में कपड़े सुखाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद से तनाव बना हुआ था।
बताया गया कि सोमवार शाम करीब आठ बजे बाबूराम गांव की एक परचून की दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद बालकराम से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी बीच बालकराम ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायरिंग कर दी, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने भी तमंचों से गोलियां चला दी।
अचानक हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई और आसपास मौजूद लोग भी छर्रों की चपेट में आ गए। घटना में बाबूराम के पुत्र दिनेश के पैर में गोली लगी। उनके पांच वर्षीय पौत्र यश के सिर, बहू पिंकी के चेहरे, पड़ोसी किशोरी अंजलि के पैर और सीने में छर्रे लगे। इसके अलावा रमेश, गीता सहित कुल 10 लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और माधोटांडा पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश समेत चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दिनेश को गोली लगी है, जबकि अन्य घायलों को छर्रों से चोटें आई हैं।
क्षेत्राधिकारी विधि भूषण मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।










